- सीहोर। शहर में जर्जर सडक़ों और बदहाल विकास कार्यों को लेकर जनता का सब्र अब जवाब देने लगा है। शहर में सडक़ों की खस्ताहाल स्थिति को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक 7 का है, जहां भोपाल नाका से मुरली अंडरब्रिज तक की सडक़ पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इस समस्या से त्रस्त स्थानीय रहवासियों ने गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष परिषद को ज्ञापन सौंपकर जल्द सडक़ निर्माण की मांग की है और सुनवाई न होने पर उग्र धरना-आंदोलन की चेतावनी दी है।
बता दें शहर में सडक़ों की खराब हालत को लेकर नागरिकों का गुस्सा लगातार फूट रहा है। पिछले तीन महीनों के भीतर शहर में सडक़ों को लेकर यह चौथा बड़ा मामला है, जब लोग सडक़ों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले हाउसिंग बोर्ड ओवरब्रिज पर सर्विस लेन की मांग को लेकर नागरिकों ने यज्ञ-हवन कर धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद शहर के बडिय़ाखेड़ी क्षेत्र के लोगों ने सडक़ की मांग को लेकर चक्काजाम किया था। जबकि तीन दिन पहले ही शहर के मंडी क्षेत्र के नागरिकों ने जर्जर सडक़ के विरोध में जोरदार चक्काजाम किया था। राहत की बात यह रही कि चक्काजाम के तुरंत बाद जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर वहां पेंचवर्क का काम शुरू कर दिया गया था। अब इसी कड़ी में वार्ड 7 के रहवासियों ने भी चेतावनी दे दी है। - गिट्टियां उखडऩे से हो रहे हादसे, सांस लेना भी दूभर
वार्ड 07 के रहवासियों ने ज्ञापन में बताया कि भोपाल नाका से मुरली तक की सडक़ पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और बारिश के कारण डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। सडक़ पर बड़ी-बड़ी गिट्टियां फैल गई हैं, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा दिनभर गुजरने वाले वाहनों के कारण उडऩे वाली भारी धूल से आसपास के लोगों का स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि धूल जमने से खाने-पीने की सामग्री दूषित हो रही है और दुकानों की साफ.सफाई रखना भी मुश्किल हो गया है।
अत्यंत व्यस्त मार्ग है यह सडक़
यह मार्ग शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त रास्तों में गिना जाता है। कृषि उपज मंडी से भोपाल नाका आने वाले या जमोनिया गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों से शहर के भोपाल नाका क्षेत्र जाने वाले हजारों लोग रोजाना इसी सडक़ का उपयोग करते हैं। खास बात यह है कि श्यामपुर-दोराहा क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश प्रतिबंधित है। ऐसे में ये सभी भारी वाहन इसी मार्ग से होते हुए भोपाल नाका पर निकलते हैं, जिससे सडक़ की हालत और ज्यादा बदतर हो गई है।
सुनवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन
वार्ड 7 के रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इस सडक़ का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर धरना.प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में गेंदालाल यादव, आशीष, रानी यादव, पंकज यादव, प्रकाश यादव, अजय राव, स्वास्तिक और सूरज कुमार सहित वार्ड 07 के अनेक रहवासी शामिल हैं।


