#Sehore: यक्का-याकू, चंद्रकांता सिर्फ महाराज शिवदत्त की होगी…

@सीहोर। चंद्रकांता के क्रूर सिंह, लगान के अर्जन और गंगाजल के भूरेलाल जैसे अनगिनत यादगार किरदारों से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले बॉलीवुड के प्रख्यात अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा जल्द ही सीहोर में नजर आएंगे। दूरदर्शन के मशहूर धारावाहिक चंद्रकांता में अपने आइकॉनिक डायलॉग ‘यक्का-याकू’ चंद्रकांता सिर्फ महाराज शिवदत्त की होगी… से देशभर में तहलका मचाने वाले अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा आगामी 19 सितंबर को सीहोर में आयोजित होने जा रहे विशाल युवा सम्मेलन में शिरकत करेंगे।
युवा सम्मेलन का आयोजन युवा भाजपा नेता राजकुमार जायसवाल रिंकू के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसी दिन कार्यकर्ताओं और युवाओं द्वारा रिंकू जायसवाल का जन्मदिवस भी धूमधाम से मनाया जाएगा। राजकुमार रिंकू जायसवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा हर वर्ग खासकर युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। उन्होंने भारतीय सिनेमा और टीवी जगत को दर्जनों कालजयी फिल्में और धारावाहिक दिए हैं। 19 सितंबर को आयोजित होने वाले सम्मेलन में अखिलेंद्र मिश्रा सीहोर के युवाओं से रूबरू होंगे, अपना मार्गदर्शन साझा करेंगे और अपने खास अंदाज से उनका मनोरंजन भी करेंगे।
सिनेमा से लेकर टीवी तक… कई हिट फिल्मों का रहे हैं हिस्सा
बता दें अखिलेंद्र मिश्रा ने बॉलीवुड की ऐतिहासिक फिल्मों जैसे सरफरोश (मिर्ची सेठ), लगान अर्जन, गंगाजल डीएसपी भूरेलाल, द लेजेंड ऑफ भगत सिंह चंद्रशेखर आजाद, वीर-जारा, अपहरण और हालिया फिल्मों में भी अपनी शानदार अदाकारी का लोहा मनवाया है। 1999 की फिल्म सरफरोश में मिर्ची सेठ के रोल के लिए उन्हें पुरस्कारों के लिए नामांकित भी किया गया था। टीवी स्क्रीन पर चंद्रकांता के क्रूर सिंह के अलावा उन्होंने 2008 की रामायण में रावण और महाभारत में कंस की दमदार भूमिकाएं निभाई हैं। बता दें क्रूर सिंह यानी अखिलेंद्र मिश्रा को देखने और सुनने के लिए युवा नेता राजकुमार रिंकू जायसवाल की अगुवाई में तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी गई हैं।