पुलिस को आता देख नाव से भागे जुआरी, लगाई नदी में छलांग…

#Sehore, सीहोर। अगर आपने फिल्मों में पुलिस और अपराधियों की लुका-छिपी के सीन देखे हैं तो सीहोर और नर्मदापुरम जिले की सीमा पर कुछ वैसा ही नजारा देखने को मिला। नर्मदा नदी के किनारे दो जिलों की पुलिस ने मिलकर एक ऐसे अवैध जुए के अड्डे पर छापा मारा, जिसकी सुरक्षा किसी किले से कम नहीं थी। पुलिस को देखते ही जुआरियों के होश उड़ गए और कुछ आरोपी जान बचाने के लिए सीधे नदी में ही कूद पड़े।
यह पूरा अवैध कारोबार सीहोर जिले के नांदनेर और नर्मदापुरम जिले की सीमा पर चल रहा था। इस जुए के फड़ का नेटवर्क इतना शातिर था कि पुलिस कभी वहां तक पहुंच ही नहीं पाती थी। जुआरियों के लिए नियम कड़े थे, मौके से 5 से 7 किलोमीटर दूर ही गाडिय़ां पार्क करवा दी जाती थीं। इसके बाद जुआरियों को ट्रैक्टरों में बिठाकर नदी के किनारे लाया जाता था और वहां से वे नाव में बैठकर मुख्य फड़ तक पहुंचते थे। सुरक्षा इतनी सख्त थी कि फड़ पर किसी को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं थी।
पुलिस आई तो नदी में लगाई छलांग
नर्मदापुरम एसपी सांई कृष्णा एस. थोटा को लगातार इसकी शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद सीहोर और नर्मदापुरम पुलिस ने मिलकर एक साझा रणनीति बनाई। सोहागपुर एसडीओपी अरविंद शाह के मार्गदर्शन में माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर और शाहगंज थाने की संयुक्त टीम ने अचानक इस अड्डे पर दबिश दी। पुलिस को अपनी ओर आते देख फड़ पर हडक़ंप मच गया। बचने के लिए कुछ लोग तुरंत नाव में बैठे तो कुछ ने घबराहट में नर्मदा नदी के ठंडे पानी में ही छलांग लगा दी ताकि तैरकर दूसरी तरफ निकल सकें। नदी का तेज बहाव और खतरनाक रास्ता देखकर पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत उनका पीछा तो नहीं किया, हालांकि एहतियात के तौर पर गोताखोर भी साथ रखे गए थे ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। अंत में सभी आरोपी नाव के सहारे नदी पार कर फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस ने फड़ का नाम ओ निशान मिटाया
भले ही आरोपी भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने उनके इस साम्राज्य को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। मौके से पुलिस ने आने-जाने में इस्तेमाल होने वाली नाव और ताश की गद्दी जब्त कर ली। इसके बाद जुआरियों के आराम के लिए लगाए गए टेंट और दरियों को आग के हवाले कर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
4 पर कार्रवाई, 12 को नोटिस
पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपी पलटा उर्फ वीरेंद्र, बुद्धा मीना, विनीत गोस्वामी और सतीश अहिरवार के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इसके अलावा इन जुआरियों को नाव, ट्रैक्टर और अन्य सुविधाएं मुहैया कराने वाले माखननगर, शाहगंज और नसीराबाद के 12 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, जो लोग घर पर नहीं मिले, पुलिस ने उनके परिजनों को नोटिस देकर घरों पर भी चस्पा कर दिए हैं।