शिक्षिका से दुष्कर्म के आरोप में गरबा टीचर पर केस दर्ज, पति को भी दी धमकी

सीहोर। बातचीत बंद करने के बाद लगातार पीछा करने, घर बुलाकर दुष्कर्म करने और फिर ब्लैकमेलिंग व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने एक 33 वर्षीय शिक्षिका की शिकायत पर गरबा सिखाने वाले युवक नवीन चौधरी के खिलाफ दुष्कर्म, पीछा करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़ता महिला शिक्षिका हैं। करीब तीन साल पहले उनकी पहचान गरबा सिखाने वाले नवीन चौधरी से हुई थी, जिससे कभी-कभार बातचीत होती थी। बाद में अपने काम में व्यस्तता के कारण शिक्षिका ने उनसे बातचीत बंद कर दी। शिकायत में कहा गया है कि इसके बावजूद आरोपी युवक लगातार कॉल व मैसेज कर संपर्क करने की कोशिश करता रहा और शिक्षिका के घर के आसपास भी चक्कर लगाने लगा।
समझाने गईं शिक्षिका के साथ कथित वारदात
शिकायत के मुताबिक लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर शिक्षिका 12 जुलाई को आरोपी को समझाने के लिए उसके घर सुदामा नगर गंज सीहोर पहुंची थीं। उस समय आरोपी घर पर अकेला था। आरोप है कि जब शिक्षिका ने फोन करने और पीछा करने से मना किया तो वह नाराज हो गया और जबरन कमरे में ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। डर के कारण शिक्षिका उस वक्त किसी को कुछ नहीं बता सकीं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी दोबारा मिलने का दबाव बनाने लगा और बात न मानने पर पति को बताने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
रात में घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी
मामला 22 नवंबर की रात करीब 10 बजे फिर तब गर्माया, जब आरोपी कथित तौर पर शिक्षिका के घर पहुंच गया। उस समय उनके पति घर पर ही थे। पति ने बाहर निकलकर आने और पत्नी को परेशान करने का कारण पूछा तो आरोपी ने गाली-गलौज की और धमकी दी कि यदि शिक्षिका ने उससे बात नहीं की तो वह दोनों को जान से मार देगा।
पति व जेठ के साथ थाने पहुंची शिक्षिका
आरोपी के जाने के बाद शिक्षिका ने पति को पूरी घटना बताई। पति ने तुरंत बड़े भाई (जेठ) को फोन कर जानकारी दी और अगले दिन 23 नवंबर को शिक्षिका अपने पति व जेठ के साथ महिला थाना पहुंचीं। लिखित आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।