सीहोर। देव नगर कॉलोनी स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और समाजजनों की सुविधा के लिए टीनशेड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए विधायक सुदेश राय ने अपनी विधायक निधि से 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर विश्वकर्मा समाज को बड़ी सौगात दी है।
जानकारी के अनुसार देव नगर कॉलोनी वार्ड नंबर 2 स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर परिसर में टीनशेड निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विश्वकर्मा सेवा समिति के अध्यक्ष कमल किशोर विश्वकर्मा, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समाजजनों की मांग पर विधायक सुदेश राय ने इस कार्य के लिए 5 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।
विधायक सुदेश राय के मुख्य आतिथ्य में होगा भूमि पूजन
विश्वकर्मा सेवा समिति के अध्यक्ष कमल किशोर विश्वकर्मा ने समाज की ओर से विधायक सुदेश राय का आभार जताते हुए बताया कि ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार स्टैंडर्ड ड्राइंग के आधार पर दी गई तकनीकी स्वीकृति के तहत यह निर्माण कार्य कराया जाएगा। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और समाजजनों को बारिश व धूप से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधायक सुदेश राय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।
समाजजनों ने जताया आभार
विश्वकर्मा मंदिर परिसर में टीनशेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने पर विधायक सुदेश राय के प्रति समिति के अध्यक्ष कमल किशोर विश्वकर्मा, महिला मंडल की नीलू विश्वकर्मा, राजू विश्वकर्मा, कार्यकारिणी अध्यक्ष जितेंद्र विश्वकर्मा, महामंत्री राकेश विश्वकर्मा, गोविंद विश्वकर्मा, सुंदरलाल विश्वकर्मा और हेमंत विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने आभार व्यक्त किया है।


