सीहोर। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 27 नवंबर को सीहोर विकासखंड के ग्राम लसूडिय़ाखास में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩा और उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करना है। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाएंगे।
कलेक्टर ने दिए समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश
कलेक्टर बालागुरू के. ने शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और शिविर से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर लें। साथ ही शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करते हुए नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
लापरवाही न बरतने की हिदायत
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान जनसमस्याओं के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने तथा सरकारी सेवाओं को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए इसे सफल बनाएं।


