‘प्रिंस राठौर’ की यह सौगात आ रही #कांग्रेस के काम!

@सीहोर। राजनीति में कब कौन सा कदम किसके काम आ जाए, यह कहना मुश्किल है। सीहोर में इन दिनों कुछ ऐसा ही दिलचस्प नजारा देखने को मिल रहा है। प्रिंस विकास राठौर के अध्यक्षीय कार्यकाल वाली बीजेपी की नगर पालिका परिषद ने महज तीन महीने पहले शहर के बस स्टैंड पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का एक पार्क बनवाकर उनकी प्रतिमा स्थापित की थी। लेकिन अब यह पार्क शहर में कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शनों का मुख्य केंद्र बन चुका है। कांग्रेस का लगभग हर छोटा-बड़ा प्रदर्शन अब इसी प्रतिमा के समक्ष आयोजित हो रहा है।
इसी कड़ी में मंगलवार को सांसद और कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी पर दर्ज कराई गई एफआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने बस स्टैंड स्थित इसी अंबेडकर पार्क से जोरदार प्रदर्शन और पैदल मार्च शुरू किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और पार्टी का झंडा थामे सडक़ों पर उतरे और लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ के नारे लगाए।
दबाव की राजनीति से डरने वाले नहीं
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि राहुल गांधी देश के आम नागरिकों, गरीबों और पीडि़तों की आवाज बुलंद कर रहे हैं। उनकी आवाज को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल और झूठी एफआईआर की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक नेता की नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेसजन
पैदल मार्च में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से लेकर युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान राजाराम बड़े भाई, विवेक राठौर, हफीज चौधरी, रमेश गुप्ता, घनश्याम पटेल, बलवान पटेल, गुलाब बाई ठाकुर, हसीन कुरेशी, दीप्ति, पवन गुर्जर, रामनारायण शर्मा, आरपी शुक्ला, हरिओम सिसोदिया, यश यादव, अजय रायकवार, नंदलाल यादव, प्रेमनारायण परमार, शुभम् सक्सेना, नायब कुरैशी, अतीक चौधरी, अनुभव सेन, ममता शर्मा, मुकेश ठाकुर और नन्दकिशोर मालवीय सहित सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहे।