सीहोर। भैरुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में जमीन बंटवारे के बाद खेत में हुई तोडफ़ोड़ को लेकर भाभी और देवर के बीच विवाद सामने आया है। फरियादिया भाभी ने देवर पर खेत की तार फेंसिंग, नारियल के पेड़ और सीसीटीवी कैमरे तोडऩे के साथ ही गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादिया नीलिमा सिंह पैठारी पति ललित सिंह पैठारी निवासी आईबीडी होलमार्ग सिटी कोलार भोपाल की ससुराल भैरुंदा में है। उनके ससुर प्रेमनारायण पैठारी ने दोनों भाइयों के बीच जमीन और मकान का बंटवारा किया था, जिसके तहत नीलिमा व उनके पति के हिस्से में 7 एकड़ जमीन तथा देवर पुष्पेन्द्र सिंह पैठारी के हिस्से में 4 एकड़ जमीन व भैरुंदा का एक मकान आया।
बताया गया कि नीलिमा की खेती की जमीन ग्राम बोरखेड़ा में है, जहां तार फेंसिंग की गई है और देखरेख के लिए हाली जितेन्द्र बारेला रखा गया है। 22 नवंबर की रात करीब 11.30 बजे नीलिमा भोपाल में थीं, तभी हाली जितेन्द्र बारेला ने फोन कर सूचना दी कि देवर पुष्पेन्द्र खेत में आया है और तोडफ़ोड़ कर रहा है। 24 नवंबर को जब नीलिमा भोपाल से बोरखेड़ा स्थित अपने खेत पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि तार फेंसिंग टूटी हुई थी, लगाए गए नारियल के पेड़ उखड़े हुए थे, सीसीटीवी कैमरों और खेती के अन्य सामान में तोडफ़ोड़ की गई थी। इसी बात को लेकर सुबह करीब 11 बजे जब नीलिमा ने देवर पुष्पेन्द्र सिंह पैठारी से नुकसान को लेकर सवाल किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि देवर ने गाली-गलौज की और उलझने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद हाली जितेन्द्र बारेला ने भी देखा। इसके बाद नीलिमा ने पति ललित सिंह पैठारी को जानकारी दी और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।


