सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में श्री हरि-हर मिलन महोत्सव पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में आयोजित इस भव्य महोत्सव में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान भगवान शिव और श्रीहरि विष्णु के दिव्य मिलन की परंपरा निभाई गई और भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई।
पुष्पवर्षा और जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर: शाम होते ही मंदिर परिसर आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से जगमगा उठा। ग्वालियर से आए प्रसिद्ध बैंड-बाजों की मधुर धुनों और ढोल-नगाड़ों के बीच भगवान की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई। चल समारोह में महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। हर-हर महादेव और जय श्रीहरि के जयकारों व भक्ति गीतों से पूरा कुबेरेश्वरधाम परिसर गुंजायमान हो उठा।
तुलसी और बेलपत्र की मालाओं से हुआ दिव्य मिलन: महोत्सव के दौरान वैकुंठ चतुर्दशी की पौराणिक परंपरा का निर्वहन किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु पाताल लोक में विश्राम करते हैं और इस दौरान सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव पुन: सृष्टि की सत्ता श्रीहरि विष्णु को सौंपकर कैलाश पर्वत पर तपस्या के लिए लौटते हैं। इसी पावन परंपरा के तहत भगवान विष्णु ने भगवान शिव को तुलसी की माला और भगवान शिव ने श्रीहरि को बेलपत्र की माला अर्पित की।
कमजोर की रक्षा और सेवा ही सच्चा धर्म: पं. प्रदीप मिश्रा: इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ या मंदिर में दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें दूसरों के प्रति कर्तव्यों का बोध कराता है। सत्य बोलना, अन्याय का विरोध करना, कमजोर की रक्षा करना और किसी असहाय या जरूरतमंद की सहायता करना ही सच्ची भक्ति और धर्म का मार्ग है। उन्होंने कहा कि भक्ति में अहंकार का कोई स्थान नहीं है; व्यक्ति चाहे कितना भी सामर्थ्यवान क्यों न हो, उसे विनम्र रहकर परोपकार करना चाहिए। देर शाम तक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।


