- सीहोर। सावन मास के अंतिम चरण में कुबेरेश्वरधाम में भक्ति और आस्था का महासागर उमड़ पड़ा है। एक दिन बाद 25 अगस्त को कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक भव्य एवं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर विठलेश सेवा समिति और जिला प्रशासन द्वारा यातायात, पार्किंग, चिकित्सा और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक लगभग 11 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाट से आधा किलोमीटर के दायरे में करीब 600 नल लगाए गए हैं, ताकि कांवडिय़ों को जल भरने में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। बारिश और धूप के बीच भी देश भर से सीहोर पहुंच रहे कांवड़ यात्रियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
सेक्टरों में बटा बल, हाईवे पर संभाला मोर्चा
कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने कड़े निर्देश दिए हैं। ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल, होमगार्ड, एसडीआरएफ, वन विभाग, आबकारी विभाग, कोटवारों और सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स को ब्रीफ कर अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था 25 अगस्त तक निरंतर प्रभावी रहेगी। इधर रविवार सुबह से ही पुलिस बल ने इंदौर-भोपाल हाईवे पर मोर्चा संभाल लिया है। ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधीक्षक ने सीवन नदी घाट, पार्किंग व्यवस्था, भोजनशाला और कुबेरेश्वरधाम परिसर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
एसपी सक्सेना ने दिए मुख्य निर्देश
इधर रविवार को अमले की विभिन्न पाइंटों पर तैनात से पहले पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस जवानों को मुख्य दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों और असामाजिक-आपराधिक तत्वों पर सतत नजर रखी जाए। महिला श्रद्धालुओं व बच्चियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। हाईवे और डायवर्जन रूटों पर नियमित मोबाइल पेट्रोलिंग हो ताकि जाम की स्थिति न बने। ड्यूटी पर तैनात बल श्रद्धालुओं के साथ अत्यंत विनम्र और शालीन व्यवहार करे।
श्रद्धालुओं के लिए 100 से अधिक सेवा स्टॉल
कांवड़ यात्रा मार्ग में 100 से अधिक स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चाय-नाश्ता, फलाहारी खिचड़ी, केले और भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। सावन के अंतिम सोमवार कुबेरेश्वर धाम पर 24 अगस्त को भगवान शिव का 3 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही धाम स्थित मुरली मनोहर मंदिर में विराजित सभी देव प्रतिमाओं का भी विशेष श्रृंगार होगा। श्रद्धालुओं की भोजन व्यवस्था के लिए देशभर से 2000 से अधिक सेवादार और अखंड हिन्द फौज के स्वयंसेवक कुबेरेश्वरधाम पहुंच चुके हैं। यात्रा के दौरान प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियां, धार्मिक झांकियां और बैंड-बाजे मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।


