एनएसयूआई जिलाध्यक्ष की तबीयत बिगड़ी, डॉक्टरों की टीम पहुंची, संघर्ष जारी रखने का ऐलान

#Sehore, सीहोर। शासकीय कॉलेज में जनभागीदारी समिति के माध्यम से की गई कथित फर्जी व नियमविरुद्ध नियुक्तियों और वित्तीय गड़बडिय़ों के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन का आंदोलन चौथे दिन और उग्र हो गया है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया की लगातार 51 घंटे से जारी अनशन के कारण तबीयत अचानक बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और अनशन स्थल पर ही उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की।
स्वास्थ्य में गिरावट के बावजूद जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया के हौसले पूरी तरह अटल हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि जनहित और छात्रों के न्याय की इस लड़ाई से वे पीछे नहीं हटेंगे और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका अनशन जारी रहेगा।
एनएसयूआई की प्रमुख मांगें

  • नियमों को ताक पर रखकर की गई सभी कथित अवैध और फर्जी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।
  • उच्चस्तरीय जांच जनभागीदारी निधि से इन नियुक्तियों पर खर्च की गई राशि और वित्तीय धांधली की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
  • वित्तीय अनियमितता प्रमाणित होने पर दोषियों से पूरी राशि वसूल कर उसे पुन: कॉलेज के जनभागीदारी खाते में जमा कराया जाए।
    छात्रों के हक पर डाका, पीछे नहीं हटेंगे
    छात्रों को संबोधित करते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरिओम सिसोदिया ने कहा जनभागीदारी निधि का उपयोग कॉलेज के विकास और विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए होना चाहिए था, लेकिन यहां नियम-कायदों को दरकिनार कर अपनों को नौकरियां बांटी गईं। यह सीधे तौर पर आम छात्रों के हक पर डाका है। छात्रों के पैसों का हिसाब देना ही होगा। जब तक हमारी मांगों पर लिखित और ठोस कार्रवाई नहीं होती, यह लड़ाई जारी रहेगी।
    अनशन स्थल पर जुटी भारी छात्र शक्ति
    शासकीय कॉलेज स्थित अनशन स्थल पर दिनभर छात्र-छात्राओं और संगठन के पदाधिकारियों का तांता लगा रहा। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन और जनभागीदारी समिति की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष यश यादव जो खुद भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं, देवेन्द्र ठाकुर, मनीष मेवाड़ा, तनिष्क त्यागी, पवन ठाकुर, विष्णु मालवीय, रुद्र वर्मा, अंकु ठाकुर, प्रमोद वर्मा, अनुभव सेन, अंकुर ठाकुर, दीपक गोस्वामी, अभिषेक प्रजापति, ईशा परिहार, नैनशी, पिंकी, जितेन्द्र परमार, अंकित कौशल, शुभम त्यागी, आकाश बनवारी, योगेन्द्र ठाकुर और अंबू नेता सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं व कार्यकर्ता मौजूद रहे।