संगठन से अपरिचित भाजपा के महामंत्री…

#Sehore, सीहोर। भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी नियुक्तियां हुई हैं। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा को सह प्रभारी बनाया गया है। इस घोषणा के बाद से ही जिले के भाजपा नेताओं में सोशल मीडिया पर बधाई देने की होड़ मची हुई है। इसी उत्साह के बीच जिले के एक भाजपा महामंत्री जी का सोशल मीडिया पोस्ट अब उन्हीं की किरकिरी का सबब बन गया है।
मामला यह है कि महामंत्री जी ने उत्साह में बधाई संदेश तो पोस्ट कर दिया, लेकिन फोटो किसी और ही नेता की चस्पा कर दी। जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तैरने लगी, पार्टी के भीतर ही उनके विरोधियों को एक बड़ा मौका मिल गया।
अब पार्टी के अंदरूनी गलियारों में महामंत्री जी की जमकर खिंचाई हो रही है। उन्हें नापसंद करने वाले भाजपा नेता चटकारे लेकर तंज कस रहे हैं कि महामंत्री जी तो मूल रूप से कांग्रेस से आए हैं, इसलिए उन्हें बीजेपी संगठन के बड़े चेहरों की ज्यादा जानकारी नहीं है। अब जब पहचानते ही नहीं तो फोटो किसी और की लगाना स्वाभाविक है।
फिलहाल महामंत्री जी की यह गलत फोटो वाली बधाई जमकर चर्चा का केंद्र बनी हुई है, हालांकि महामंत्री ने अपनी गलती सुधार कर ली है।