सीहोर। श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर मंगलवार को विधायक सुदेश राय गंगाआश्रम स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न केवल गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका, बल्कि एक आम सेवादार की तरह मुख्य द्वार पर खड़े होकर श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल संभालने की सेवा भी की।
गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश करते ही विधायक सुदेश राय सीधे मुख्य द्वार पर बने जोड़ा घर (जूता-चप्पल रखने के स्थान) पहुंचे। वहां उन्होंने अपने हाथों से दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल उठाए और उन्हें व्यवस्थित तरीके से स्टैंड पर रखा। विधायक की इस सादगी और सेवा भाव की उपस्थित संगत ने सराहना की।

देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
मुख्य द्वार पर सेवा देने के बाद विधायक सुदेश राय गुरुद्वारे के भीतर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और सीहोर जिले सहित पूरे प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि और जगत कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और उनका आदर्श जीवन हमें सदैव मानव सेवा के लिए प्रेरित करता है। उनके बताए गए सत्यए प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलकर ही समाज का कल्याण संभव है।
गुरुद्वारे में उमड़ा आस्था का सैलाब
बता दें गुरु नानक जयंती के अवसर पर सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में उत्सव जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में सभी समाजों के श्रद्धालु गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेकते नजर आए। कीर्तन और अरदास के बाद आयोजित लंगर में भी सर्वसमाज के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की।


