मप्र स्थापना दिवस पर योग की पाठशाला ने लिया हरित, स्वच्छ और स्वस्थ प्रदेश का संकल्प

सीहोर। मध्य प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर जिले में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर योग की पाठशाला के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर प्रदेश और देश की निरंतर उन्नति, समृद्धि और खुशहाली के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत योगाचार्य दिनेश शर्मा और कपिल सूर्यवंशी के संबोधन के साथ हुई, जिन्होंने उपस्थित योग प्रेमियों को स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर आयोजित इस विशेष संकल्प समारोह में योग प्रेमियों ने सामूहिक रूप से प्रण लिया कि मध्य प्रदेश पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में नित नई ऊंचाइयों को छुए। इस दौरान सदस्यों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ होना, प्रकृति का सुरक्षित रहना तथा समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव और सकारात्मकता का भाव विकसित होना बेहद आवश्यक है। योग की पाठशाला के मूल मंत्र स्वस्थ जीवन, सुंदर समाज, समृद्ध प्रदेश को दोहराते हुए सदस्यों ने अपने छोटे-छोटे दैनिक प्रयासों से एक हरित और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
जल संरक्षण के लिए करेंगे प्रेरित
योग की पाठशाला ग्रुप के सदस्यों ने जल संरक्षण, नदियों को बचाने, पर्यावरण को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सभी ने कहा कि हम जल सरक्षण के लिए ओरों को भी प्रेरित करेंगे। इस स्थापना दिवस संकल्प कार्यक्रम में राजकुमार राठौर, वीरेन्द्र सिंह, भारत सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, बाबूलाल मेवाड़ा, हनुमत मेवाड़ा, राजेश खंडेलवाल, चरण सिंह राजपूत, मांगीलाल मालवीय, राजेश गुप्ता, विशाल राठौर और फूल सिंह गौर सहित कई अन्य नागरिक शामिल हुए।