शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन, जैत में होगा अंतिम संस्कार, सीएम डॉ. यादव भी होंगे शामिल

सीहोर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित एम्स अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव जैत और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विशेष रूप से जैत पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि काशीबाई कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और भोपाल के साकेत नगर में निवास कर रही थीं। सांस लेने में गंभीर परेशानी बढऩे के कारण उन्हें एक सप्ताह पहले भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया थाए जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिवराज सिंह चौहान ने रद्द किए सभी कार्यक्रम
मां के निधन की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं। उन्हें शुक्रवार को रायसेन जिले में एक बड़े किसान सम्मेलन में शामिल होना था, जिसे उन्होंने निरस्त कर दिया और वे सीधे अपने पैतृक गांव जैत पहुंच रहे हैं।
सीएम डॉ. यादव होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जैत पहुंचेंगे। जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार सीएम डॉ. मोहन यादव इंदौर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 3.00 बजे बुधनी के डोबी हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से कार द्वारा जैत जाकर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे दोपहर 3.50 बजे डोबी से वापस रवाना होंगे।
जैत गांव में शोक का माहौल
मां काशीबाई के पार्थिव शरीर के पैतृक गांव जैत पहुंचने के बाद से ही पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और शोक का माहौल है। गांव के लोग, करीबी रिश्तेदार और कई गणमान्य नागरिक अंतिम विदाई की तैयारियों में जुटे हैं और दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में ही संपन्न होगा।