सीहोर। पचामा स्थित परमार ढाबा के पास बीती रात हुए भीषण सडक़ हादसे में एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस हादसे में जान गंवाने वाले मंडी निवासी कपिल राठौर के साथी और हमले में घायल हुए मितेश राठौर ने पुलिस और मीडिया के सामने घटना का खौफनाक आंखों देखा हाल बयान किया है। मितेश का आरोप है कि यह महज एक हादसा नहीं, बल्कि विवाद के बाद जानबूझकर कार से टक्कर मारकर की गई वारदात है। सोमवार सुबह परिजनों और स्थानीय साथियों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे मितेश राठौर ने रोते हुए उस खौफनाक रविवार रात की पूरी कहानी सुनाई।
मितेश राठौर की जुबानी… बीती (रविवार) रात क्या-क्या हुआ…
धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके 2-4 साथी वहां मौजूद अन्य लडक़ों को परेशान कर रहे थे और साउंड बंद करवा रहे थे। अनमोल ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। जब मैंने उन्हें समझाया, तब भी वे बहस करने लगे। इसके बाद वे वहां कुछ लोगों से बोलने लगे हम कपिल और मितेश की ऐसी-तैसी कर देंगे, जिसे राजा ने सुन लिया। उनकी बातें सुनकर राजा को शक हो गया था कि ये लोग आज कुछ न कुछ गलत करेंगे।
खतरे को देखते हुए राजा ने कहा मितेश भाई आप अकेले घर मत जाना। मेरा मोबाइल डिस्चार्ज हो चुका था, इसलिए कपिल ने अपने फोन से मेरे चाचा को कॉल किया और पूरी स्थिति बताई। चाचा ने कहा कि तुम वहीं रुको, मैं 15-20 मिनट में आता हूं, जब काफी देर तक कुछ नहीं हुआ तो कपिल ने मुझसे कहा चलो मितेश भाई निकलते हैं, जो होगा देखा जाएगा। इसके बाद हम दोनों बाइक से घर के लिए निकल पड़े।
पीछा कर रही थी तेज रफ्तार कार
मितेश राठौर ने बताया कि 200-300 मीटर आगे बढ़ते ही हमें अहसास हुआ कि एक कार हमारा पीछा कर रही है। जैसे ही हम पचामा बैंक ऑफ इंडिया के पास पहुंचे, उस कार ने हमारी मोटरसाइकिल के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। हम किसी तरह खुद को बचाते हुए तेज स्पीड में गाड़ी भगाकर राजपूत ढाबे के पास पहुंचे, लेकिन पीछे से आ रही कार ने हमारी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
आंखों के सामने तोड़ दिया दम
मितेश ने बताया कि टक्कर मारते वक्त कार को ओमदीप चला रहा था और अंदर 2-3 लोग और बैठे थे। टक्कर लगते ही कपिल और मैं गिर गए। कपिल ने मौके पर ही (ऑन द स्पॉट) दम तोड़ दिया, जबकि मुझे भी काफी चोटें आईं। इसके बाद हमें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया।
कार्रवाई न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रवासियों के साथ पहुंचे वार्ड 23 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप राठौर ने मीडिया से बात करते हुए पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई नहीं करती है तो वे मृतक कपिल के शव को मंडी चौराहे पर रखकर धरना देंगे और जब तक न्याय नहीं मिलता, तब तक दाह-संस्कार नहीं करेंगे।
एफआईआर दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
पीडि़तों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी ने पीडि़त परिवार और मितेश को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा आप चिंता न करें, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले संदिग्ध आरोपी का मोबाइल फोन फिलहाल बंद आ रहा है और वह फरार है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


