महज 3 प्रतिशत वोटों का फासला साधने पदयात्रा निकालेगी #कांग्रेस…

@सीहोर। 2023 के विधानसभा चुनाव में महज 3.3 प्रतिशत वोटों के अंतर से आष्टा सीट गंवाने वाली कांग्रेस अब इस बारीक चुनावी अंतर को पाटने के लिए सीधे जनता के बीच जा रही है। पिछले चुनाव में जहां भाजपा के गोपाल सिंह इंजीनियर को 50.40 प्रतिशत (1,18,750) वोट मिले थे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी कमल सिंह चौहान को 47.10 प्रतिशत (1,10,847) वोट हासिल हुए थे। इसी महज 3 प्रतिशत वोटों के अंतर को साधने और क्षेत्र की अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस ने पदयात्रा का बिगुल फूंक दिया है।
आष्टा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी व जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह चौहान के नेतृत्व में 07 और 08 सितंबर को दो दिवसीय पदयात्रा आयोजित की जाएगी। यह यात्रा लगभग 30 किलोमीटर लंबी होगी, जो क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को कवर करेगी।
बुनियादी सुविधाओं से महरूम आष्टा
पदयात्रा का ऐलान करते हुए कमल सिंह चौहान ने सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 वर्षों, केंद्र में 12 वर्षों और आष्टा विधानसभा में पिछले 35 वर्षों से भाजपा का कब्जा है। इसके बावजूद क्षेत्र की जनता आज भी बिजली, पानी, सडक़ और स्वास्थ्य जैसी अनिवार्य जरूरतों के लिए तरस रही है।
ये हैं पदयात्रा के मुख्य मुद्दे
सडक़ों का खस्ताहाल: खजूरिया कासम से कवटिया, बरखेड़ी, सुशीलनगर, सिद्दीकगंज, श्यामपुरा जोड़ से धरमपुरी, मेहतवाड़ा से खेड़ापुरा, सामरी बोंदा से धुराड़ा कलां जैसी दर्जनों ग्रामीण सडक़ों का निर्माण न होना।
नर्मदा जल योजना से वंचित गांव: सिद्दीकगंज के आसपास के दर्जनों गांवों को अब तक नर्मदा परियोजना से नहीं जोड़ा गया है।
फसल बीमा में धांधली: हाल ही में बांटी गई बीमा राशि से क्षेत्र के सैकड़ों पात्र गांवों को वंचित रखा गया हैए जिन्हें तुरंत मुआवजा देने की मांग की जा रही है।
07 और 08 सितंबर को पदयात्रा
पहला दिन 07 सितंबर: पदयात्रा सिद्दीकगंज से प्रारंभ होकर सुशीलनगर, बरखेड़ी, नयापुरा, कवटिया नाला होते हुए खजूरिया कासम पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
दूसरा दिन 08 सितंबर: यात्रा खजूरिया कासम से शुरू होकर लसुडिय़ा पार और अरोलिया होते हुए तहसील कार्यालय आष्टा पहुंचेगी, जहां तहसील कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के मुख्य आतिथ्य में विशाल जनसभा का आयोजन होगा। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।