Sehore News: सीहोर। भाई-बहन के अटूट स्नेह और अटूट विश्वास का त्योहार रक्षाबंधन इस बार सीहोर नगर पालिका परिसर में एक नए और खास अंदाज में मुस्कुराएगा। नगर पालिका परिसर के पास पुरानी जेल मैदान में आगामी 31 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे से एक भव्य रक्षाबंधन उत्सव सजने जा रहा है, जहां पूरा शहर एक परिवार के रंग में रंगा नजर आएगा।
इस खास मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर शहर के सभी वार्डों से जुटने वाली अपनी हजारों बहनों से रक्षासूत्र बंधवाएंगे। परंपरा को निभाते हुए इस बार भी वे बहनों का आशीर्वाद लेंगे और उन्हें स्नेह स्वरूप विशेष उपहार भेंट करेंगे।
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने इस आयोजन का न्योता देते हुए कहा रक्षाबंधन महज एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों, सम्मान और अटूट भरोसे की डोर है। शहर की हर बहन का स्नेह मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत है। आयोजन को लेकर नगर पालिका अमले ने भव्य तैयारियां शुरू कर दी हैं और महिलाओं में भी इस दिन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।


