सीहोर। दीपावली का पर्व केवल घरों में दीप जलाने का ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटने और अपनों का स्नेह पाने का भी त्योहार है। इसी भावना को साकार करते हुए भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा आज शनिवार 7 नवंबर को एक अनूठी पहल की जा रही है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति के विशेष संयोजन में आज शाम को सेकड़ाखेड़ी बाईपास स्थित संकल्प वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के साथ दीपोत्सव का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और विधायक सुदेश राय मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इन वरिष्ठ नेताओं के सान्निध्य में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लेंगे और उनके साथ दीप प्रज्वलित कर, मिठाई व उपहार भेंट कर दीपावली की खुशियां साझा करेंगे।
समाज को संदेश देने की अनूठी पहल
सुदीप प्रजापति ने कहा कि हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं और त्योहारों के अवसर पर उन्हें परिवार जैसा अपनापन महसूस कराना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से नगर मंडल द्वारा यह कार्यक्रम तय किया गया है, ताकि वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठजनों को त्योहार के दिन अकेलेपन का अहसास न हो और उनके चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके।
सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से पहुंचने की अपील
नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी वरिष्ठजनों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, नगर मंडल के समस्त पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के संयोजकों तथा समस्त कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे निर्धारित समय शाम 6 बजे सेकड़ाखेड़ी बाईपास स्थित संकल्प वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ इस दीपोत्सव को यादगार बनाएं।


