Sehore: राशन वितरण में धांधली पर बड़ी कार्रवाई, विक्रेता पर FIR दर्ज

Sehore News: सीहोर। गरीबों के हक का खाद्यान्न हड़पने वाले राशन माफियाओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आष्टा अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिद्दीकगंज की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली उजागर हुई है। औचक निरीक्षण में भारी गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद प्रशासन ने दुकान के विक्रेता को तत्काल पद से हटा दिया है और खाद्यान्न के भौतिक स्टॉक में बड़े अंतर के कारण विक्रेता से 7.70 लाख रुपये से अधिक की वसूली के कड़े आदेश जारी किए हैं।
एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह किरार के सख्त निर्देशों के बाद सहायक आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा संचालित सिद्दीकगंज की उचित मूल्य दुकान पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों और कार्डधारियों ने गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों की शिकायत थी कि राशन दुकान समय पर नहीं खोली जाती और पीओएस मशीन पर बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट दर्ज करवाने के बावजूद उन्हें खाद्यान्न नहीं दिया जाता। मौके पर जब विक्रेता विनोद गोस्वामी से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद विभागीय अधिकारी ने तुरंत दुकान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
7.70 लाख रुपये की होगी वसूली
सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश और नियमों के स्पष्ट उल्लंघन पर विक्रेता विनोद गोस्वामी को तुरंत प्रभाव से राशन वितरण के कार्य से पृथक कर दिया गया। जब प्रशासनिक टीम ने दुकान के गोदाम और रजिस्टरों की जांच की तो दर्ज रिकॉर्ड और वास्तविक भौतिक स्टॉक के बीच भारी गड़बड़ी उजागर हुई। प्रशासन ने इसे गंभीर आर्थिक अनियमितता माना और विक्रेता से 7,70,442 रुपये 14 पैसे की भारी-भरकम राशि सरकारी खजाने में जमा कराने का आदेश जारी कर दिया।
गरीबों का राशन छीनने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह किरार ने जिले भर की राशन दुकान विक्रेताओंं को स्पष्ट चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि गरीबों के हक के अनाज में किसी भी प्रकार की धांधलीए कालाबाजारी या वितरण में लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में किसी अन्य शासकीय उचित मूल्य दुकान पर ऐसी अनियमितता पाई गई तो संबंधित दोषी के खिलाफ इसी तरह कठोर दंडात्मक और कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।