#Sehore, सीहोर। स्कूली बच्चों को तकनीकी शिक्षा और भविष्य के करियर से रूबरू कराने के मकसद से सोमवार को एक खास शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। पीएम श्री स्वामी विवेकानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडी की कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं ने शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय का दौरा किया। ये सभी विद्यार्थी आईटी/आईटीईएस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) विषय की पढ़ाई कर रहे हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कॉलेज में चल रहे कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग और मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट विभागों का दौरा कराया गया। बच्चों ने कॉलेज की आधुनिक कंप्यूटर और तकनीकी प्रयोगशालाओं को देखा और वहां मौजूद सुविधाओं का इस्तेमाल कैसे किया जाता है, इसे समझा।
विशेषज्ञों ने दिए करियर टिप्स
कंप्यूटर साइंस विभाग की प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मिता शर्मा, वरिष्ठ अतिथि व्याख्याता विश्वास बगवैया और अन्य शिक्षकों ने छात्रों को एआई कंप्यूटर इंजीनियरिंग और आईटी क्षेत्र की बारीकियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों को जानकारी दी कि स्कूल के बाद वे इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा कैसे प्राप्त कर सकते हैं और भविष्य में उनके लिए रोजगार व करियर के क्या-क्या बेहतर अवसर मौजूद हैं। बच्चों ने भी शिक्षकों से कई सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं।
तकनीकी शिक्षा से जगती है नई सोच
कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने इस भ्रमण के महत्व पर कहा कि स्कूल स्तर पर ही बच्चों को तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों का प्रत्यक्ष भ्रमण कराना बेहद जरूरी है। इससे उन्हें प्रैक्टिकल ज्ञान मिलता है, प्रयोगशालाओं को देखने का मौका मिलता है और भविष्य में वे किस क्षेत्र में करियर बनाएं, यह तय करने में मदद मिलती है। ऐसे आयोजन बच्चों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि और जागरूकता पैदा करते हैं।


