दिल्ली के अफसर ने सीहोर में मांगी रिश्वत…

#Sehore, सीहोर। दिल्ली से सीहोर में वेयरहाउसों की जांच करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्रालय के एक अधिकारी को रिश्वत मांगना भारी पड़ गया। सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में लाखों रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत मिलते ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा रुख अपनाया और दिल्ली के इस अफसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बता दें यह पूरा मामला जिले के वेयरहाउसों के निरीक्षण से जुड़ा हुआ है। दिल्ली स्थित केंद्रीय कृषि मंत्रालय में पदस्थ विपणन अधिकारी अनुराग सीहोर में स्थित वेयरहाउसों की जांच करने आए थे। आरोप है कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरकारी सब्सिडी जारी कराने का झांसा देकर वेयरहाउस संचालकों पर पैसे देने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार अधिकारी ने शिवाय वेयरहाउस के संचालक से 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी और श्रीकृष्णा वेयरहाउस के मालिक से सब्सिडी के एवज में 60 हजार रुपये ऐंठने की कोशिश की।
शिकायत मिलते ही ऐक्शन में आए शिवराज
रिश्वतखोरी से परेशान वेयरहाउस संचालकों ने इस पूरी धांधली की सीधी शिकायत दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचाई। शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने बिना कोई समय गंवाए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उनके आदेश पर कृषि मंत्रालय ने आरोपी विपणन अधिकारी अनुराग को तुरंत निलंबित कर दिया।
होगी विभागीय जांच
बताया जा रहा है कि निलंबन की कार्रवाई के बाद अब अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी पर कानूनी व प्रशासनिक गाज गिरना तय माना जा रहा है।