#Sehore, सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद मैदान में आयोजित क्रिसेंट गरबा महोत्सव के प्रशिक्षण शिविर में बालिकाओं और महिलाओं का ऐसा अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला कि पहला प्रैक्टिस हॉल छोटा पड़ गया। अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच के तत्वावधान में आयोजित इस महा गरबा प्रशिक्षण शिविर में अचानक 2000 से अधिक बालिकाएं और महिलाएं पहुंच गईं, जिससे नया रिकॉर्ड बन गया।
पहले दिन प्रैक्टिस हॉल में जगह कम पडऩे के कारण सैकड़ों बालिकाओं को अभ्यास में मशक्कत करनी पड़ी और ट्रेनरों को भी व्यवस्था संभालने में दिक्कत आई। इस स्थिति को देखते हुए प्रसिद्ध समाजसेविका अरुणा राय ने मौके पर व्यवस्थाओं को संभाला। बालिकाओं और मातृशक्ति के अपार स्नेह को देखते हुए विधायक सुदेश राय ने तुरंत संज्ञान लिया और आवासीय खेलकूद मैदान परिसर में विशाल वॉटरप्रूफ डोम और टेंट लगाने के निर्देश दिएए ताकि किसी भी बालिका को प्रशिक्षण में असुविधा न हो।
पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ माता रानी जगदंबा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। विधायक सुदेश राय और समाजसेविका अरुणा राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर की शुरुआत की। इस अवसर पर अरुणा राय ने कहा कि शक्ति की भक्ति अनादि काल से नृत्य के माध्यम से चली आ रही है और इस प्रशिक्षण में शहर की सभी माताएं, बहनें व बालिकाएं सादर आमंत्रित हैं।
पारिवारिक माहौल में आयोजन
विधायक सुदेश राय के मार्गदर्शन में यह आयोजन पूरी तरह से सुरक्षित और पारिवारिक वातावरण में सम्पन्न होगा। इसमें भक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां देने वाली प्रतिभावान बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्कूटी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे।


