सीहोर। शहर के सैकड़ाखेड़ी स्थित संकल्प वृद्धाश्रम में दीपावली की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल के तत्वावधान में उत्साह और उल्लास के साथ दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। सभी ने बुजुर्गों को नए वस्त्र और मिठाई भेंट की तथा उनके साथ आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। इस दौरान वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।
इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति के अलावा डॉ. गगन नामदेव, अमित निखरा, विजय यादव, जितेंद्र यादव, निलेश यादव, अक्षय राज चौहान, संदीप कुशवाहा, प्रवेश राठौर, राहुल विजयवर्गीय, मंजूर खान, हर्ष ताम्रकार, अनुराग मिश्रा, गौरव जायसवाल, रोहित कुशवाहा, योगेश कुशवाहा, उमेश मालवीय आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बुजुर्ग हमारे प्रेरणा स्त्रोत
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने कहा कि बुजुर्ग हमारे प्रेरणास्रोत होते हैं। उनके अनुभव और संस्कार समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। दीपावली का पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियां बांटने का संदेश देता है। पर्व की सार्थकता तभी है, जब हमारे प्रयासों से दूसरों के चेहरों पर भी मुस्कान आए। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के साथ त्योहार मनाना और उनके बीच खुशियां बांटना सभी के लिए आत्मीयता और सम्मान का अवसर है। इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारियों ने वृद्धजनों को नए वस्त्र एवं मिठाई वितरित की। इसके बाद सभी ने बुजुर्गों के साथ आतिशबाजी कर दीपावली का उत्सव मनाया और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।


