#Sehore, सीहोर। शहर की फिजाओं में एक बार फिर कविता, शेरो-शायरी और ठहाकों का जबरदस्त तडक़ा लगने वाला है। मौका है विधायक सुदेश राय के जन्मदिवस का, जिस पर हर साल की तरह इस बार भी आगामी 17 नवंबर को लीशा टॉकीज मैदान पर भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सजने जा रहा है। इस बार के आयोजन की सबसे खास बात यह है कि सीहोर की जनता की पुरजोर मांग पर धार के दिग्गज हास्य कवि जानी बैरागी को विशेष रूप से न्योता दिया गया है।
बरसों से शहर की साहित्यिक परंपरा को जीवित रखने वाले राय परिवार और विधायक समर्थकों ने इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए कमर कस ली है। इस रात मंच से जहां राष्ट्रीय कवि देश के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक हालातों पर अपने तीखे व्यंग्य बाण चलाएंगे, वहीं लाफ्टर कलाकार और हास्य कवि अपनी मिमिक्री व गुदगुदाने वाली रचनाओं से श्रोताओं को लोटपोट कर देंगे। युवा भाजपा नेता राजकुमार रिंकू जायसवाल ने बताया कि इस पूरी महफिल की कमान देवास के मशहूर कवि शशिकांत यादव सबरस अपने शानदार संचालन से संभालेंगे।
मंच पर उतरेंगे देश के ये दिग्गज
पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, नई दिल्ली, हास्य सम्राट…
शबीना अदीब, लखनऊ…
जानी बैरागी, धार…
हेमंत पांडे, कानपुर…
रोहित झन्नाट, उज्जैन…






10 हजार श्रोताओं के बैठने का इंतजाम
कवि सम्मेलन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लीशा टॉकीज मैदान में युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कलाकारों के लिए एक विशाल और आकर्षक मंच तैयार किया जाएगा। रात के समय पूरा मैदान दूधिया रोशनी से जगमगाए, इसके लिए जगह-जगह हाईलैंप लगाए जा रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक कवि सम्मेलन का आनंद लेने आने वाले 10 हजार से अधिक नागरिकों के बैठने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि शहरवासी देर रात तक सुकून से इस साहित्यिक उत्सव का लुत्फ उठा सकें।


