Sehore News: सीहोर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा मातृशक्ति के तत्वावधान में चाणक्यपुरी स्थित कृष्णा सेलिब्रेशन में हरियाली तीज का पावन पर्व अत्यंत धूमधाम, पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपरा को सहेजते हुए इस आयोजन में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रकला तोमर एवं सपना तोमर विशेष रूप से मौजूद रहीं।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की मातृशक्ति तीज के पारंपरिक रंग में सराबोर नजर आई। हरे रंग के आकर्षक और पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सावन के झूलों और हाथों में रची मेहंदी के साथ खुशियां बांटीं। सुरीले तीज गीतों, भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए क्षत्रिय महासभा की महिलाओं ने पूरे माहौल को उमंग और भक्ति रस से भर दिया।
रोचक प्रतियोगिताओं और डांस में दिखाया प्रतिभा का दम
उत्सव में क्षत्रिय महासभा द्वारा मातृशक्ति के मनोरंजन के लिए कई मजेदार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़, पेंसिल रेस, गायन और डांस मुकाबलों में क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तालियों की गडग़ड़ाहट और हंसी-ठिठोली के साथ मंच पर प्रतियोगिताओं का आनंद लिया गया।
एकजुटता का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की वक्ताओं ने कहा कि ऐसे भव्य आयोजन समाज को संगठित करने और महिलाओं को आपस में जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं। इससे समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना मजबूत होती है, साथ ही हमारी नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली क्षत्रिय परंपराओं और संस्कृति से जुडऩे की प्रेरणा मिलती है।
इस आयोजन में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा मातृशक्ति की जिलाध्यक्ष रश्मि तोमर के नेतृत्व में मिथिलेश चौहान, आशा चौहान, ज्योति भदोरिया, सरोज ठाकुर, बृजेश सेंगर, संगीता सेंगर, प्रतिभा तोमर, रीना तोमर, तृप्ति सिकरवार, मंजू चौहान, श्वेता परिहार, सपना तोमर, निरंजन गौर, मोनिका सोलंकी, ज्योति सेंगर, चंद्रकला जादौन, अर्चना चौहान और रेखा चौहान सहित क्षत्रिय समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


