घायल किसान को ठेले पर लेकर भोपाल पहुंचे परिजन, ऊर्जा मंत्री से लगाई न्याय की गुहार

Sehore News: सीहोर। विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए ग्राम बड़वेली के किसान सतीश मेवाड़ा को न्याय दिलाने के लिए सीहोर जिले के करीब 25 गांवों के लगभग 500 किसान किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में भोपाल पहुंचे। इस दौरान सतीश मेवाड़ा के पिता प्रहलाद सिंह मेवाड़ा और दादाजी लक्ष्मण सिंह मेवाड़ा उन्हें अस्पताल से हाथ ठेले पर लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा ऊर्जा मंत्री पवन सिंह तोमर के निवास पर पहुंचे और न्याय की मांग की।
बता दें खेत में कृषि कार्य करते समय झूलती 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से सतीश मेवाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। करंट के कारण उनका एक हाथ काटना पड़ा। वर्तमान में उनके हाथ में प्लास्टर, सिर पर पट्टी और पैरों में चोट के निशान हैं। परिवार के अनुसार उपचार में करीब 15 से 20 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं और आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
किसानों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के खिलाफ वे पिछले दो माह से धरना, प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला। किसानों ने मांग की कि पीडि़त किसान को 25 लाख रुपये मुआवजा, विद्युत मंडल में सरकारी नौकरी तथा जिम्मेदार विद्युत अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
किसानों ने बताया कि मामले को लेकर मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री, ऊर्जा मंत्री, सीहोर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा विद्युत मंडल के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीडि़त किसान को ठेले पर लेकर भोपाल पहुंचकर विरोध दर्ज कराना पड़ा।
अफसरों पर दर्ज हो मुकदमा
किसानों का कहना है कि विद्युत लाइन की लापरवाही की जांच में यदि विभाग दोषी सीहोर विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री सीहोर विद्युत मंडल के कार्यपाली यंत्री श्यामपुर विद्युत मंडल के सहायक यंत्री बिजोरी खजुरिया बंगाल के अधिकारियों पर फिर मुकदमा कायम किए जाने की मांग किसानों द्वारा की गई है।