सीहोर। ईद मिलादुन्नबी के पावन पर्व के अवसर पर शहर में दाऊदी बोहरा समाज द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। कस्बा स्थित बोहरा मस्जिद से प्रारंभ हुआ यह चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ गुजऱा। समारोह का नेतृत्व बोहरा समाज के जनाब यूसुफ भाई जकवी ने किया। इसमें समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
समारोह में आष्टा के प्रसिद्ध बैंड द्वारा प्रस्तुत की गई देशभक्ति और राष्ट्रीय धुनों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। वहीं आकर्षक बग्गियों में सवार होकर निकलीं बोहरा समाज की नन्हीं-मुन्नी बच्चियां मार्ग से गुजर रहे लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
चल समारोह का नगर में विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। पीली मस्जिद पर ईरशाद पहलवान तथा तहसील चौराहे पर नौशाद खान मित्र मंडली ने स्वागत किया। वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, मंडलाध्यक्ष सुदीप सम्राट और चंपालाल यादव मित्र मंडली द्वारा स्वागत मंच सजाया गया। बड़ा बाजार में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती व गब्बर पहलवान मित्र मंडली तथा कसाई मंडी में रहमान परिवार ने समाजजनों का स्वागत किया।
जनप्रतिनिधि हुए शामिल
आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, राजीव गुजराती, सुदीप सम्राट, विवेक राठौर और घनश्याम यादव सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए और ईद मिलादुन्नबी की बधाई दी।
इस दौरान अतिथियों ने समाज के अध्यक्ष अब्दुल हुसैन लोहे वाले, मुस्तफा हुसैन, चल समारोह अध्यक्ष हुसैन अली जेकी, ताहिर अली, शब्बर सैफी, हकीम उद्दीन शुजाई, काईद जोहर, खुजेमा बाबा, बुरहान भाई और शब्बी हुसैन सहित प्रमुख पदाधिकारियों का सम्मान किया।


