#Sehore, सीहोर। भेरूंदा थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से 57 लाख रुपये कीमत के हाईवा डंपर चोरी के बड़े मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पेट्रोल पंप के सामने से गायब हुए इस भारी-भरकम वाहन को ढूंढने के लिए पुलिस टीमों ने रातभर में करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय समन्वय के चलते राजस्थान के झालावाड़ जिले के अकलेरा से डंपर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 19 सितंबर की है, जब दिगवाड़ निवासी फरियादी अरविंद सिंह तोमर ने भेरूंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई कि शिवहरे पेट्रोल पंप के सामने खड़ा उनका 57 लाख रुपये का हाईवा डंपर रात में चोरी हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी व उपनिरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में दो विशेष टीमें बनाई गईं।
राजस्थान पुलिस को किया अलर्ट
जांच टीमों ने साइबर सेल सीहोर के साथ मिलकर घटनास्थल से लेकर राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर लगे करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से स्कैन किया। कैमरों की मदद से पुलिस ने डंपर के भागने का पूरा रूट मैप तैयार कर लिया और कंट्रोल रूम के जरिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस को अलर्ट भेज दिया।
राजस्थान बॉर्डर पर पुलिस को देख भागा आरोपी
सीसीटीवी से मिली सटीक लोकेशन के आधार पर भेरूंदा पुलिस ने राजस्थान के झालावाड़ जिले के थाना अकलेरा पुलिस से संपर्क साधा और घेराबंदी की। पुलिस टीम को सामने पाकर डंपर चला रहा आरोपी घबरा गया और वाहन को सडक़ किनारे छोडक़र रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए पास के जंगल में भाग निकला। पुलिस ने 57 लाख रुपये का डंपर जब्त कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज से मिले संदिग्ध के हुलिए के आधार पर फरार आरोपी की शिनाख्त की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।


