#Sehore, सीहोर। श्यामपुर तहसील अंतर्गत ग्राम अहमदपुर में शासकीय कार्य के दौरान एक पटवारी के साथ अभद्रता करने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना से नाराज मप्र पटवारी संघ (तहसील श्यामपुर) ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
पटवारी संघ द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार बीते 12 अगस्त को तहसीलदार के निर्देशों का पालन करते हुए हल्का पटवारी सुधीर चतुर्वेदी ग्राम अहमदपुर में सरकारी रास्ते की जांच करने पहुंचे थे। आरोप है कि जांच प्रक्रिया के दौरान गांव के जगदीश गुर्जर, विजय गुर्जर, सतीश ठाकुर, महेंद्र गुर्जर और राहुल गुर्जर ने पटवारी के साथ विवाद करते हुए अभद्रता की।
शासकीय दस्तावेज छीनने का आरोप
संघ का आरोप है कि उक्त लोगों ने पटवारी सुधीर चतुर्वेदी के हाथ से शासकीय दस्तावेज छीनने का प्रयास किया और उन्हें धमकाते हुए जांच का काम जबरन रुकवा दिया। शासकीय कर्मचारी को उसके कर्तव्य पालन से रोकना और शासकीय दस्तावेजों से छेड़छाड़ की कोशिश करना गंभीर दंडनीय अपराध है।
पटवारी संघ ने की सुरक्षा की मांग
घटना के बाद से क्षेत्र के पटवारियों में भारी रोष व्याप्त है। संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि मैदान में काम कर रहे राजस्व कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार होगा तो सीमांकन, नामांतरण और रास्तों से जुड़े विवादों का निराकरण करना मुश्किल हो जाएगा। पटवारी संघ ने मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पीडि़त पटवारी सुधीर चतुर्वेदी को शासकीय कार्य के दौरान उचित सुरक्षा प्रदान की जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तहसीलदारों और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए जाएं।
कार्रवाई न होने पर दी चेतावनी
पटवारी संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो श्यामपुर तहसील क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


