सीहोर। आगामी 25 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा के सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने अधिकारियों के साथ सीवन नदी घाट, यात्रा मार्ग और कुबेरेश्वर धाम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और यातायात प्रबंधन के सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर बालागुरू के. ने कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवन घाट से कुबेरेश्वर धाम तक किसी भी स्थान पर भीड़ को रुकने न दिया जाए। सीवन नदी घाट पर सुरक्षा दल और बोट तैनात रहेंगी तथा किसी भी श्रद्धालु को नदी के गहरे पानी में उतरने की अनुमति नहीं होगी।
5 स्थानों पर मेडिकल प्वाइंट और सेक्टर व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। यात्रा मार्ग पर 5 प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र मानक बाग, डी-मार्ट, चौपाल सागर, परमार ढाबा और मोगराफूल जोड़ पर बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त कुबेरेश्वर धाम परिसर और नजदीकी स्वास्थ्य केंद गुड़भेला-नापलाखेड़ी जोड़ व चितोडिय़ा हेमा को भी चिकित्सा व्यवस्था से जोड़ा गया है। रेलवे स्टेशन पर भी भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
23 से 25 अगस्त तक लागू रहेगा डायवर्जन प्लान
यातायात को सुचारू रखने के लिए 23 अगस्त की सुबह 6.00 बजे से 25 अगस्त की रात 12.00 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है.
भारी वाहन भोपाल से इंदौर-देवास: मुबारकपुर जोड़ व तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा, शाजापुर और मक्सी होते हुए जाएंगे।
भारी वाहन इंदौर-देवास से भोपाल: मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा, कुरावर और श्यामपुर होकर भोपाल पहुंचेंगे।
क्षेत्रीय भारी वाहन रेहटी, भैरूंदा, होशंगाबाद से इंदौर: गोपालपुर, कन्नौद और आष्टा मार्ग का उपयोग करेंगे।
छोटे व सवारी वाहन: भोपाल से इंदौर जाने वाले वाहन सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहा से भाऊखेड़ी जोड़ होकर अमलाहा मार्ग से गुजरेंगे। इंदौर से भोपाल आने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे।


