अब बिजली कंपनी का नपा को दोटूक जवाब…. लगाओ ऑटो स्विच

@Sehore, सीहोर। शहर में स्ट्रीट लाइटों के संचालन और रखरखाव को लेकर नगर पालिका और बिजली कंपनी के बीच खींचतान तेज हो गई है। दिन में लाइटें जलने से हो रहे वित्तीय नुकसान पर नपा सीएमओ की कढ़ी नाराजगी के बाद अब बिजली कंपनी ने भी दोटूक जवाब दिया है। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर जोन-02 के प्रबंधक ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर सभी स्ट्रीट लाइट कनेक्शनों पर ऑटो स्विच लगाने को कहा है।
बिजली कंपनी द्वारा जारी पत्र क्रमांक 718-719 में स्पष्ट किया गया है कि स्ट्रीट लाइटों को सुबह-शाम चालू और बंद करने का काम मूल रूप से नगर पालिका से संबंधित है। इसके बावजूद विद्युत विभाग का एक कर्मचारी रोजाना सुबह और शाम इसी काम में व्यस्त रहता है। कंपनी ने नपा को संलग्न सूची के अनुसार सभी कनेक्शनों पर तुरंत ऑटो स्विच लगाने का निवेदन किया है, ताकि व्यवस्था सुचारू हो सके।
एक दिन पहले नपा सीएमओ ने लिखा था पत्र
इससे पहले 22 सितंबर को नगर पालिका सीएमओ ने बिजली कंपनी के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर भारी नाराजगी जताई थी। नपा का आरोप था कि बिजली कर्मचारियों की लापरवाही के कारण दोपहर तक शहर में स्ट्रीट लाइटें जलती रहती हैं, जिससे नपा के खजाने पर जबरिया आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
रात 10 बजे तक पसरा रहता है अंधेरा
नपा द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया कि सुबह कर्मचारी मेन स्विच बंद करना भूल जाते हैं, जिससे दिनभर बिजली की बर्बादी होती है। वहीं शाम ढलने पर कर्मचारी स्विच ऑन करना भूल जाते हैं। जोन-1 और जोन-2 क्षेत्र में नपा कर्मचारियों द्वारा बार-बार फोन करके याद दिलाने के बाद ही रात 9 से 10 बजे के बीच लाइटें चालू की जाती हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मई में भी दी गई थी चेतावनीए सुधार नहीं
सीएमओ ने पत्र में उल्लेख किया कि इससे पहले 21 मई को भी पत्र लिखकर व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया गया थाए लेकिन बिजली विभाग के ढर्रे में कोई बदलाव नहीं आया। नपा ने मांग की थी कि लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए और आर्थिक नुकसान रोकने के लिए ऑटोमैटिक टाइमर जैसी ठोस व्यवस्था लागू की जाए, जिसके जवाब में अब बिजली कंपनी ने नपा को खुद ही ऑटो स्विच लगाने की सलाह दे दी है।