#Sehore, सीहोर। खतरनाक देलावाड़ी घाट एक बार फिर एक मासूम जिंदगी के लिए काल साबित हुआ है। लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा यह घाट अपनी खतरनाक बनावट के कारण राहगीरों के लिए डेथ ट्रैप बनता जा रहा है। रविवार को इछावर से खाद्य तेल भरकर जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर घाट की गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में टैंकर चला रहे 25 वर्षीय युवा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देलावाड़ी घाट का मोड़ पार करते समय चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार टैंकर सडक़ किनारे बनी गहरी खाई में सीधे जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरते ही टैंकर के परखच्चे उड़ गए और चालक केबिन के लोहे के मलबे में ही बुरी तरह फंस गया।
रेहटी पुलिस का रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही रेहटी थाना पुलिस और आपातकालीन सेवा डायल-112 की टीम बिना कोई समय गंवाए मौके पर पहुंची। एएसआई ताबिश खान और पायलट कपिल रघुवंशी ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक को बाहर निकालना बेहद कठिन था। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर केबिन के हिस्सों को काटा और चालक को बाहर निकाला। उसे तत्काल डायल.112 से रेहटी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आनंद के रूप में हुई मृतक की पहचान
एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के अनुसार मृतक चालक की पहचान आनंद पिता कृपाल सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम भाऊखेड़ी के रूप में हुई है। आनंद खुद ही इस टैंकर को चलाकर भोपाल की ओर ले जा रहा था।


