सीहोर में पहली बार @मटकी फोडऩे उतरेगी महिला टीम, विजेता को मिलेंगे 1 लाख

#सीहोर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सिद्धपुर इस बार मिनी वृंदावन के रूप में सरोबार होने जा रहा है। आगामी 6 सितंबर रविवार शाम 5 बजे मुख्य बस स्टैंड परिसर में भव्य प्रादेशिक सनातनी मटकी फोड़ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण जहां 1 लाख का नकद इनाम और ट्रॉफी होगी, वहीं इतिहास में पहली बार महिलाओं की टीम भी मटकी फोडऩे के लिए मैदान में उतरकर अपने साहस प्रदर्शन करेगी।
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण महिला टीम की भागीदारी होगी। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के बीच महिलाएं मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोडऩे का प्रयास करेंगी। उनके शामिल होने से इस पारंपरिक खेल को एक नया और प्रेरणादायी स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
भोपाल और सीहोर समेत एक दर्जन टीमें
प्रतियोगिता में सीहोर नगर की ग्वालटोली टीम के अलावा भोपाल, बैरसिया, मैना, आमाझिर और रातीबड़ की लगभग एक दर्जन टीमें अपना पंजीयन करा चुकी हैं। 1 लाख की इनामी राशि और ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के लिए युवा खिलाड़ी दिन-रात अभ्यास में जुटे हुए हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा रहेंगे मुख्य अतिथि
आयोजन की भव्यता को बढ़ाने के लिए कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बजरंग दल के प्रांत टोली सदस्य विवेक राठौर और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में समिति मंच, सुरक्षा और जन-सुविधाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। आयोजक विवेक राठौर पिछले 15 दिनों से गांव-गांव पहुंचकर धर्मप्रेमी नागरिकों को सपरिवार शामिल होने का न्योता दे रहे हैं।