सीहोर। लसुड़िया धाकड़ गांव में मंगलवार शाम पानी फिल्टर प्लांट से क्लोरीन गैस का अचानक रिसाव होने से हड़कंप मच गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक ग्रामीण प्रभावित हो गए। आंखों में तेज जलन, सांस लेने में परेशानी और उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद प्रभावित लोगों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार फिल्टर प्लांट में एक सिलेंडर से क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। गैस फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा इलाके को सुरक्षित कर लोगों की स्क्रीनिंग शुरू की।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि शुरुआती जांच में एक सिलेंडर से गैस रिसाव की जानकारी मिली है। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है।

