बकाया राशि नहीं चुकाने पर नपा करेगी कुर्की की कार्रवाई
एक फरवरी से शुरू होगी बकायादारों पर कार्रवाई
सीहोर। शहर में बड़ी संख्या में बकायादार है, वसूली के लिए नपा अब बकायादारों की संपत्ति कुर्क करेगी। पिछले सप्ताह नगरीय प्रशासन आयुक्त द्वारा ली गई बैठक में कर वसूली के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ज्यादा से ज्यादा बकाया वसूल करने की हिदायत दी गई है। प्रभावी कार्रवाई न होने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई करने को कहा गया है। इसको लेकर सोमवार को राजस्व अधिकारी संजय शुक्ला के नेतृत्व में शहर के वार्ड क्रमांक 32 में एक दर्जन से अधिक फैक्ट्री मालिकों के अलावा अन्य बकायादारों को चेतवानी दी गई है। नगर पालिका राजस्व वसुली को लेकर संपत्तिकर 20000 से ज्यादा बकाया की कुर्की की कार्यवाही एव जलकर एक साल से ज्यादा बकाया होने पर नल कनेक्शन तत्काल कट दिया जाएगा नगर पालिका यह अभियान 1 फरवरी से शहर में बकाया वसूली अभियान चलाया जाएगा
नगर में जल, संपत्ति कर (टैक्स) और दुकान किराया की बकाया राशि वसूलने नगर पालिका के तेवर सख्त हो गए हैं। नपा की तरफ से बड़े बकायादारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं तो वही छोटे बकायादारों को जल्द बकाया राशि जमा कराने चेतावनी दी जा रही है। यदि जल्द ही बकाया राशि जमा नहीं कराई तो एक फरवरी से नपा कार्रवाई शुरू करेगी। इसमें बड़े बकायादारों पर कुर्की और दुकानों में ताले जड़े जाएंगे।
वहीं नगर पालिका सीएमओ भूपेन्द्र दीक्षित का कहना है कि शहर में सुविधा देने के एवज में नगर पालिका जनता से निर्धारित टैक्स वसूलती है। टैक्स की बकाया राशि कुछ साल पहले तक हजारों में हुआ करती थी। जिसके समय पर जमा नहीं होने से लाख पार कर करोड़ में पहुंच गई है। नपा अधिकारियों की माने तो वर्तमान में संपत्ति,जलकर, दुकान किराया को मिलाकर करीब करोड़ों रुपए का बकाया है। जिसे वसूलने नपा की तरफ से हर प्रयास किए, लेकिन ज्यादा कोई सफलता नहीं मिली है।
बकायादारों को नपा की तरफ से बिल जारी किए जा रहे हैं। यह बिल बकायादारों को दिए जाएंगे। बकायादारों ने निर्धारित तारीख तक राशि जमा नहीं कराई तो कार्रवाई की जाएगी। नपा अधिकारियों के अनुसार बकायादारों के सामानों की कुर्की कर राशि वसूल की जाएगी, वही दुकानों में ताले जड़े जाएंगे। बकायादरों को चेतावनी दी गई है।
नियमित जमा हो तो नहीं पड़ेगा भार
प्रत्येक व्यक्ति को टैक्स की राशि समय पर जमा कराना जरूरी है। जो टैक्स की राशि वह जमा कराते हैं, उसी से नगर पालिका सीसी रोड,नाली निर्माण, सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकास कार्य कराती है। टैक्स जमा नहीं किया तो विकास कार्य प्रभावित होंगे, जिसका खामियाजा लोगों को ही परेशानी के रूप में भुगतना पड़ेगा। इसलिए जनता को नियमित टैक्स समय पर जमा करना चाहिए। इसके दो फायदे भी होंगे। पहला ज्यादा राशि का भार नहीं बढ़ेगा, वही दूसरा नपा अधिकारी, कर्मचारियों को बकाया राशि वसूलने ज्यादा मशक्कत नहीं करना पड़ेगी।